Wednesday, 24 July 2013

उनादकत, रायडु बल्यू ब्रिगेड के नए सिपाही, पुजारा का इंतजार बढ़ा

हरारे। गुजरात के तेज गेंदबाज जयदेव उनादत और आंध्र प्रदेश के बल्लेबाज अंबाती रायुडु बुधवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने एकदिवसीय करियर का आगाज कर रहे हैं। रायुडु अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर का पहला मैच खेल रहे हैं, जबकि इससे पहले एक टेस्ट मैच खेल चुके उनादकत को पहली बार एकदिवसीय मैचों में अपना हुनर दिखाने का मौका मिल रहा है।

इन दोनों को जिम्बाब्वे के साथ जारी पांच मैचों की एकदिवसीय श्रंखला के पहले मुकाबले के लिए अंतिम एकादश में शामिल किया गया है।उनादकत ने वर्ष 2010 में सेंचुरियन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने करियर का पहला टेस्ट खेला था लेकिन उसके बाद से वह सीनियर टीम में जगह नहीं बना सके थे।अपने पहले टेस्ट मैच में उनादकत कुछ खास नहीं कर सके थे। 26 ओवर की गेंदबाजी में चार मेडन दिए थे लेकिन एक भी सफलता हासिल नहीं कर सके थे।

दूसरी ओर, इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) का दामन थामकर अपने करियर पर ग्रहण लगाने वाले रायुडु को लम्बे इंतजार के बाद अंतर्राष्ट्रीय पदार्पण का मौका मिला है।वह भाग्यशाली हैं कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के छठे संस्करण में खराब प्रदर्शन के बावजूद उन्हें सीनियर टीम में जगह मिली है।

इसका सिर्फ एक कारण यह है कि कई सीनियर खिलाड़ियों को जिम्बाब्वे दौरे के लिए आराम दिया गया है और युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है।अब रायुडु पर है कि वह इस मौके को किस तरह से भुना पाते हैं। रायुडु का प्रथम श्रेणी करियर हालांकि प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 80 मैचों में 14 शतकों की मदद से 5183 रन बनाए हैं।


No comments:

Post a Comment